दंतेवाड़ा , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के ग्राम छिंदनार स्थित स्वामी आत्मानंद हिन्दी मिडियम हाई स्कूल में क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने आज मानदेशी फाउंडेशन के सहयोग से निर्मित मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया। इस पहल को वनांचल क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मानदेशी फाउंडेशन की संस्थापक चेतना सिन्हा भी उपस्थित रहीं। उद्घाटन अवसर पर विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रस्साकशी, वॉलीबॉल, दौड़ और खो-खो जैसे खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिला।
इस अवसर पर तेंदुलकर ने कहा कि भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि मजबूत खेल अधोसंरचना भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को खेल के साथ-साथ शिक्षा में संतुलन बनाए रखने, अनुशासन और कड़ी मेहनत को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न खेलों में भागीदारी से खिलाड़ियों की मानसिक और रणनीतिक क्षमता का विकास होता है।
फाउंडेशन की योजना के तहत क्षेत्र के लगभग 50 गांवों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जहां क्रिकेट के साथ फुटबॉल और कबड्डी जैसे खेलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विद्यार्थियों ने खेल गतिविधियों की जानकारी साझा की और विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। तेंदुलकर के आगामी जन्मदिन के अवसर पर बच्चों ने अग्रिम रूप से केक काटकर उत्सव मनाया।
जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि बस्तर क्षेत्र अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा यहां के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित