बिलासपुर , अप्रैल 08 -- भारतीय क्रिकेट के दिग्गज मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का परिवार बुधवार को बिलासपुर पहुंचा और यहां ग्रामीण क्षेत्र का दौरा किया। यह पूरा कार्यक्रम बेहद सादगी और कम प्रचार-प्रसार के साथ रखा गया।
आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिवार शहर पहुंचा और सीधे होटल में ठहरा। सुरक्षा के इंतजाम तो किए गए थे, लेकिन पूरे दौरे को शांत और सामान्य बनाए रखने की कोशिश की गई।
दोपहर में तेंदुलकर परिवार अचानकमार क्षेत्र के छपरवा-बम्हनी गांव पहुंचा। यहां उन्होंने गनियारी स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया और मरीजों तथा बच्चों से मुलाकात की। परिवार ने गांव में पैदल घूमकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनके जीवन के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान परिवार का सहज और सरल व्यवहार देखने को मिला। बच्चों के साथ समय बिताना, उनसे बातचीत करना और एक नवजात शिशु को गोद में लेकर स्नेह जताना जैसे भावुक पल भी सामने आए। हालांकि यह दौरा पूरी तरह लो-प्रोफाइल रखा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित