नयी दिल्ली , मार्च 27 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में की गई कटौती का स्वागत किया है और कहा है कि यह आम जनता को राहत देने वाला एक जन हितैषी निर्णय है।
श्री सचदेवा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर ऊर्जा क्षेत्र में अस्थिरता, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आपूर्ति शृंखलाओं में बाधाओं के कारण दुनिया भर में महंगाई का दबाव देखा जा रहा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य के बीच केंद्र सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क घटाने का यह निर्णय सराहनीय है और यह दर्शाता है कि सरकार आम नागरिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी का सीधा लाभ देश के करोड़ों लोगों को मिलेगा। इससे रोजमर्रा के खर्चों में कमी आएगी, खासकर उन परिवारों को राहत मिलेगी जिनकी आय सीमित है।
उन्होंने बताया कि परिवहन लागत घटने से फल, सब्जी, अनाज, दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी नरमी आने की संभावना है, जिससे महंगाई पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि किसान, छोटे व्यापारी, ऑटो-रिक्शा चालक, टैक्सी चालक, ट्रक ऑपरेटर और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़े लाखों लोग इस निर्णय से विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। ईंधन की लागत में कमी से उनकी आय में स्थिरता आएगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निर्णय लिए हैं। चाहे कोविड काल हो या वैश्विक आर्थिक संकट, हर परिस्थिति में सरकार ने जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उत्पाद शुल्क में यह कटौती उसी निरंतर प्रयास का एक और प्रमाण है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम न केवल तत्काल राहत प्रदान करेगा, बल्कि दीर्घकाल में आर्थिक गतिविधियों को गति देगा, जिससे देश की समग्र अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित