खरगोन , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी कथित रूप से अपने परिचित युवक की सगाई से आहत होकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे चले प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना नावघाट खेड़ी क्षेत्र के कठगढ़ा की है, जहां सुबह लगभग आठ बजे किशोरी गांव के पास स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। उसे ऊंचाई पर चढ़ता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि किशोरी एक युवक से परिचित थी और उसकी सगाई अन्यत्र होने की जानकारी मिलने पर वह आहत हो गई। टॉवर पर चढ़ने के बाद वह युवक को मौके पर बुलाने की मांग कर रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और समझाइश का प्रयास शुरू किया गया। बाद में संबंधित युवक को भी मौके पर बुलाया गया और परिजनों तथा ग्रामीणों ने भी लगातार किशोरी को नीचे आने के लिए मनाया।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद किशोरी आश्वस्त हुई और धीरे-धीरे नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर प्राथमिक उपचार और काउंसलिंग के लिए थाने पहुंचाया। पुलिस के अनुसार किशोरी नाबालिग है, इसलिए उसकी स्थिति को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित