मुरैना , मई 11 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में सुप्रीम कोर्ट की रोक और जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन जारी रहने का मामला सामने आया है। शिकायतों के बाद पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नवागत पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने उन घाटों का निरीक्षण किया, जहां से रेत माफिया द्वारा कथित रूप से अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा है।
इसके बाद अंबाह विकासखंड के कुटिहाना और ऐसा चंबल घाट तक पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने जेसीबी मशीनों की मदद से रास्तों में गहरे गड्ढे खोदकर मार्ग अवरुद्ध कर दिए, ताकि ट्रैक्टर-ट्रालियां घाटों तक नहीं पहुंच सकें।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक सख्ती के बावजूद मुरैना शहर में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां खुलेआम सड़कों पर दौड़ती दिखाई दे रही हैं। सूत्रों के अनुसार इस अवैध कारोबार में कुछ वन और पुलिस कर्मियों की मिलीभगत होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने हाल ही में रेत से भरे वाहनों की रेकी कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनकी मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित