नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- जनता दल (यूनाइटेड) की युवा इकाई की ओर से रविवार को यहां पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में छात्र समागम का आयोजन किया गया, जिसमें श्री अंश सक्सेना को युवा जदयू का प्रदेश उपाध्यक्ष, श्री रजनीश कुमार झा को युवा जदयू का प्रदेश महासचिव, श्री सत्यम राज को युवा जदयू का प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा श्री पृथ्वी सिंघा को युवा जदयू का प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गयी।
समारोह में दिल्ली के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। समागम के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचारों, सुशासन, सामाजिक न्याय और युवा केंद्रित नीतियों से प्रेरित होकर ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करते समय उपस्थित युवाओं ने ईमानदारी से समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
समागम को संबोधित करते हुए जदयू के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राजनीतिक आंदोलन की असली ऊर्जा होती है और जदयू युवाओं को नेतृत्व के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं युवा जदयू दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ब्रज किशोर ने विद्यार्थियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जदयू दिल्ली प्रदेश महासचिव सर्वेश कश्यप ने कहा कि दिल्ली में युवाओं का जदयू से जुड़ना इस बात का संकेत है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों पर युवाओं का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
समागम को पार्टी के संगठन महासचिव अशोक प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश राय और प्रधान महासचिव राहुल कुमार ने भी संबोधन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित