बैतूल , सितंबर 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल के सक्षम गुलतकर का सॉफ्टबॉल सब-जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राज्य की टीम में चयन हुआ है।
सक्षम राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। श्री विनायकम स्कूल के कक्षा 9वीं के विद्यार्थी समक्ष की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
सक्षम गुलतकर सचिन एवं प्रीति गुलतकर के पुत्र हैं। उन्होंने नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन को विद्यालय ने उनकी प्रतिभा और निरंतर मेहनत का परिणाम बताया है।
सक्षम का चयन श्री विनायकम स्पोर्ट्स अकादमी के लिए भी विशेष उपलब्धि है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों को खेलों में बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई अकादमी ने अपने पहले ही वर्ष में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि हासिल की है।
अकादमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को जिला, संभाग और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के साथ राष्ट्रीय एवं उच्च स्तरीय स्पर्धाओं के लिए तैयार करना है। सक्षम की उपलब्धि को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ प्रतिभाशाली विद्यार्थी खेलों में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकते हैं।
सक्षम ने सॉफ्टबॉल में प्रशिक्षण के दौरान नियमित अभ्यास और प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी। उनके राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति आगे बढ़ने और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित