लखनऊ , जुलाई 3 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कहा कि सक्षम प्रशासन और समृद्ध अन्नदाता ही 'विकसित उत्तर प्रदेश' की मजबूत आधारशिला हैं।

मुख्यमंत्री आज 22 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में 464 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के अत्याधुनिक नए परिसर का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वह 9वें 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' का भी उद्घाटन करेंगे।

इससे पहले उन्होने एक्स पर लिखा, ' सक्षम प्रशासन और समृद्ध अन्नदाता ही 'विकसित उत्तर प्रदेश' की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक प्रशासनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की पहल राज्य की विकास यात्रा को नई गति देगी।"उन्होने कहा, " नवीन प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को समकालीन जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता और सेवा वितरण को अधिक प्रभावी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।"इस अवसर पर मुख्यमंत्री नौवें 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' का शुभारंभ करेंगे। वह महोत्सव की स्मारिका का विमोचन करेंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील बागवानों को सम्मानित भी करेंगे। यह महोत्सव 3 से 5 जुलाई तक गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रदेश और देश के विभिन्न क्षेत्रों की सैकड़ों आम की किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक दक्षता और कृषि समृद्धि का यह संगम प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था से सुशासन को मजबूती मिलेगी, जबकि आम महोत्सव किसानों और बागवानों को बेहतर विपणन, प्रोत्साहन और नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित