रायपुर , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग ने सक्षम आंगनबाड़ी योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में आरओ और एलईडी टीवी की खरीदी को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सभी प्रक्रियाएं केंद्र सरकार के प्रावधानों एवं राज्य के वित्तीय नियमों के अनुरूप की जा रही हैं। विभाग के अनुसार खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और वित्तीय अनुशासन के तहत संचालित हो रही है।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि बजट उपलब्ध होने के बावजूद उपयोग नहीं किए जाने संबंधी आरोप तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं। 10 फरवरी 2026 को भारत सरकार से योजना के लिए मदर सैंक्शन प्राप्त हुआ, जिसके बाद ही आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की जा सकी। मदर सैंक्शन से पूर्व टेंडर जारी न होने पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार योजना के अंतर्गत एलईडी टीवी, आरओ प्यूरीफायर, वाल पेंटिंग एवं रेन वाटर हारवेस्टिंग के लिए राशि भारत सरकार द्वारा निर्धारित की गई है। इसमें एलईडी टीवी के लिए 25 हजार रुपये, आरओ प्यूरीफायर के लिए 10 हजार रुपये, वाल पेंटिंग के लिए 10 हजार रुपये तथा रेन वाटर हारवेस्टिंग के लिए 16 हजार रुपये का प्रावधान है।
तकनीकी मानकों के संबंध में विभाग ने बताया कि एलईडी टीवी के लिए न्यूनतम 32 इंच या उससे अधिक का प्रावधान निर्धारित किया गया है। साथ ही, सभी खरीदी प्रक्रिया जेम पोर्टल के माध्यम से की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित