गोरखपुर , मई 03 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के थाना कैण्ट पुलिस ने अंतरजनपदीय चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का रविवार को पर्दाफाश करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी का सामान, नकदी व घटना में प्रयुक्त उपकरण बरामद किया है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि थाना कैण्ट पर दर्ज मुकदमा बीएनएस से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए विवेक कुमार, ललितेश, नरेंद्र, अमन, अर्जुन, मुकेश कुमार और नीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि बरामदगी में 4000 रुपये नकद, एक साड़ी, 15 सेफ्टी पिन, 10 फोल्डिंग चाकू और 10 छोटी कैंची शामिल हैं। इसके आधार पर मुकदमे में एनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य अलग.अलग शहरों में जाकर होटलों में ठहरते थे। तड़के सुबह व्हाट्सएप कॉल के जरिए गैंग लीडर सभी को निर्देश देता था। इसके बाद बस स्टेशन या रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर यात्रियों को निशाना बनाया जाता था। गिरोह के सदस्य मदद के बहाने यात्री के आसपास इकट्ठा होते और मौका पाकर बैग काटकर उसमें रखे जेवर, नकदी व अन्य कीमती सामान पार कर देते थे। वारदात के बाद सभी सदस्य अलग.अलग स्थानों पर उतरकर फरार हो जाते थे।
पुलिसय ने बताया कि पिछले 17 अप्रैल 2026 को एक यात्री अपनी पत्नी के साथ गोरखपुर बस स्टेशन से फाजिलनगर जा रहा था। यात्रा के दौरान उसका ट्रॉली बैग बस में रखा था। गंतव्य पर पहुंचने के बाद जांच करने पर बैग से आभूषण, करीब 7 हजार रुपये नकद और एक साड़ी चोरी मिली। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ के खिलाफ विभिन्न जनपदों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से अर्जुन और मुकेश कुमार पर लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह ..मुकेश गैंग.. और ..बिच्छू गैंग.. के नाम से सक्रिय था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित