सक्ती , सितंबर 19 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के चंद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मिरौनी के एक सरकारी स्कूल में पदस्थ शिक्षक कैलाश पटेल पर पांचवीं कक्षा की छात्रा ने अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया है। छात्रा के परिजनों ने इस संबंध में कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से लिखित शिकायत कर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

शनिवार को पूरे घटनाक्रम के बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया है कि कॉपी जांच कराने के दौरान शिक्षक कैलाश पटेल उसे गलत तरीके से छूते हैं। छात्रा ने कहा, "जब हम टीचर को पढ़ाने के लिए कहते हैं तो हमें डांट देते हैं। उन्होंने कई बार गलत तरीके से टच भी किया।" हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और शिक्षा विभाग ने जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है।

शिकायतकर्ताओं ने शिक्षक पर स्कूल के समय पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने और अक्सर मोबाइल फोन में व्यस्त रहने का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे स्कूल की पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिकायत में स्कूल में पदस्थ महिला सफाईकर्मी के साथ शिक्षक के व्यवहार को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि शिक्षक महिला सफाईकर्मी के साथ बाथरूम में घुसे रहते हैं। ग्रामीणों ने इस आरोप की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

स्कूल में कार्यरत रसोइया चंद्राबाई चौहान ने भी आरोप लगाया कि शिक्षक बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते। उनका कहना है कि शिक्षक और महिला सफाईकर्मी के एक साथ बैठे रहने को लेकर बच्चे भी उनसे अपनी बातें बताते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे जब शिक्षक से पढ़ाने के लिए कहते हैं तो उन्हें फटकार लगाई जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित