रायपुर , सितंबर 10 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। वह सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश में नवनिर्मित दो लाख आवासों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। आवास हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से 'खुशियों की चाबी' भी सौंपी जाएगी।

कार्यक्रम में 122 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इन विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।

केन्द्रीय मंत्री इस अवसर पर ग्रामीण विकास, आवास, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी नवाचार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की शुरुआत भी करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत कृत्रिम मेध (एआई) आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली का शुभारंभ किया जाएगा। इस तकनीकी व्यवस्था के जरिए आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने का दावा किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित