सक्ती , जून 26 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवती को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई। वारदात के बाद दो अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवती का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, सक्ती थाना क्षेत्र में आज सुबह लगभग 11 बजे 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान पर दो अज्ञात बदमाशों ने गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया है।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित