सक्ती , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के ग्राम पंचायत हरेठी में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी खराब लाइन की मरम्मत के लिए गांव नहीं पहुंचे, जिससे लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभाग को सूचना देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। इससे नाराज सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और राजमार्ग पर यातायात बाधित कर अपनी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।

चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित