सक्ती , अप्रैल 29 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बुधवार को तालाब में डूबने से दो जुड़वा बहनों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, बाराद्वार थाना क्षेत्र के लवसरा गांव में दीप्ति गोंड (06) और दिव्या गोंड (06) आज सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर के पास खेल रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों बहने पास स्थित तालाब के किनारे पहुंच गईं और गहरे पानी में गिर गईं, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।

बताया गया है कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे समय रहते बच्चियों को बचाया नहीं जा सका। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने तालाब में दोनों के शव तैरते हुए देखे और तत्काल बाहर निकाला।

परिजन एवं ग्रामीण दोनों बच्चियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना से लवसरा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित