सक्ती , अप्रैल 21 -- ) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मरघटी नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
ग्रामीणों ने मंगलवार को नदी में चल रही चैन माउंटेन मशीन और रेत परिवहन में लगे हाइवा वाहनों को घेर लिया तथा करीब 12 हाइवा वाहनों को मौके पर ही रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत घाट में दिन-रात मशीनों के जरिए अवैध खुदाई की जा रही है, जिससे नदी और आसपास के पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने खनिज विभाग के अधिकारियों, मालखरौदा एसडीएम और तहसीलदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित