सक्ती , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरतुंगा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के चावल की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सरपंच के पुत्र पर पीडीएस चावल को अवैध रूप से बेचने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को गांव के कुछ लोगों ने सरपंच के पुत्र को ट्रैक्टर में पीडीएस चावल ले जाते हुए मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त चावल को बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। विरोध करने पर आरोपित द्वारा ग्रामीणों को धमकाने की बात भी सामने आई है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पंचायत चुनाव में हुए खर्च की भरपाई के लिए इस प्रकार की गतिविधियां की जा रही हैं। मामले को लेकर गांव में आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन से जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित