सक्ती , जुलाई 25 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। गर्भवती महिला को खराब व्हीलचेयर पर वार्ड तक ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में परिजन गर्भवती महिला को ऐसी व्हीलचेयर पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं, जिसका एक पहिया जाम था। खराब व्हीलचेयर के कारण परिजनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी और धक्का देकर मरीज को वार्ड तक पहुंचाना पड़ा।

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि लाखों रुपये के बजट के बावजूद मरीजों को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। विशेष रूप से प्रसूताओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी लापरवाही उजागर हुई है।

मामले में जब अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कैमरे के सामने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित