पटना , अक्टूबर 01 -- बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने कहा कि बिहार की उच्च शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विकास की व्यापक संभावनाएं हैं और राज्य की प्रतिभा और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए सकारात्मक सोच, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई के साथ काम करना होगा।
बिहार लोक भवन में गुरुवार को 'बिहार में उच्च शिक्षा का रूपांतरण' विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उच्च शिक्षा को लेकर बनी नकारात्मक धारणा बदलने की जरूरत है। चुनौतियों की पहचान कर प्रभावी कदम उठाने से शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार संभव है।
उन्होंने शैक्षणिक कैलेंडर व्यवस्थित करने, लंबित परीक्षाओं का समय पर आयोजन और परिणाम प्रकाशित करने पर जोर देते हुए कहा कि निर्णयों में देरी और स्पष्टता के अभाव से विद्यार्थियों में निराशा पैदा होती है। उन्होंने छात्रावास, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को भी शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
राज्यपाल ने महिला विद्यार्थियों की सुरक्षा, विद्यार्थियों से नियमित संवाद, शिकायतों के त्वरित समाधान और उच्च शिक्षा के डिजिटलीकरण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने पुस्तकालयों को रात 10 बजे तक खोलने, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन-पेंशन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कुलपतियों की पुस्तिका और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के विनियमों के संकलन का विमोचन किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाईगर ने शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका और बिहार की प्रतिभा को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य विश्वविद्यालयों को नियमों, विनियमों और नवाचारों से अवगत कराते हुए उच्च शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित