पन्ना , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 के किनारे स्थित सकरिया हवाई पट्टी के पास आज शाम भीषण आग भड़क उठी। आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। आग पर काबू पाने के दौरान एक फायरमैन घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार धाम मोहल्ला निवासी फायरमैन रविंद्र प्रताप सिंह (30) आग बुझाने के दौरान अचानक तेज लपट उठने से संतुलन खो बैठे और गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल फायर ब्रिगेड वाहन से जिला अस्पताल पन्ना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित