रांची , नवंबर 01 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के 26 वर्षीय युवक विजय कुमार महतो की सऊदी अरब में गोली लगने से मौत हो गई है।
विजय लगभग 9 महीने पहले सऊदी अरब ट्रांसमिशन लाइन परियोजनाओं के काम के लिए गए थे और एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।
16 अक्टूबर को विजय उस वक्त मुश्किल में फंस गए थे जब वह कंपनी के अधिकारी के निर्देश पर सामान लाने गए। उसी समय स्थानीय पुलिस और जबरन वसूली करने वाले अपराधियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस की गलती से गोली लगने से विजय घायल हो गए थे।
घटना के बाद विजय ने अपनी पत्नी बसंती देवी को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा था, जिसमें उन्होंने गोलीबारी में फंसने और घायल होने की बात कही। परिवार वालों यह समझा कि विजय इलाज करा रहे हैं। लेकिन बाद में जब कंपनी ने 24 अक्टूबर को उनकी मृत्यु की पुष्टि की तो परिवार में शोक की लहर छा गई।
विजय की मौत की सूचना मिलने के बाद झारखंड सरकार के श्रम विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। विभाग ने सऊदी अरब में भारतीय दूतावास से संपर्क साध कर विजय के पार्थिव शरीर को वापस भारत लाने की प्रक्रिया में जुट गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित