प्रतापगढ़ , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को सई नदी में नहाने गई तीन लड़कियां अचानक गहरे पानी में चली गईं। हादसे में एक किशोरी की डूबने से मौत हो गई, जबकि गांव के एक किशोर ने साहस का परिचय देते हुए दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने बताया कि उधरनपुर गांव निवासी गरिमा कोरी (17) पुत्री सतीश कोरी, रंजना (20) तथा काजल (18) पुत्री राजकुमार कोरी शनिवार को गांव के पास बहने वाली सई नदी में नहाने गई थीं। उनके साथ गांव का 16 वर्षीय किशोर सागर भी मौजूद था।नहाने के दौरान तीनों लड़कियां अचानक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गईं और डूबने लगीं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद सागर ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। उसने अपनी जान जोखिम में डालते हुए पहले रंजना और फिर काजल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इस दौरान गरिमा नदी की गहराई में चली गई और लापता हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गरिमा को नदी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे ट्रामा सेंटर लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं गांव के लोगों ने किशोर सागर की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की है, जिसने समय रहते दो युवतियों की जान बचा ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित