सक्ती , अगस्त 12 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में कलेक्टोरेट भवन के भीतर एक संस्था प्रबंधक से कथित तौर पर शौचालय साफ कराए जाने का मामला सामने आया है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित पुटीडीह के संस्था प्रबंधक रहे शशिकांत महंत ने कलेक्टर अमृत विकास तोपनो पर आरोप लगाते हुए छत्तीसगढ़ मानव अधिकार आयोग के सचिव से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

महंत ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 29 अप्रैल 2026 को धान खरीदी से संबंधित बैठक के दौरान उनसे कलेक्टोरेट भवन का शौचालय साफ कराया गया। उनका दावा है कि उन्होंने इस कार्य को करने से असहमति जताई थी, लेकिन इसके बावजूद उनसे शौचालय साफ कराया गया। शिकायतकर्ता ने इसे अपने साथ अपमानजनक एवं अमानवीय व्यवहार बताया है।

शिकायत के मुताबिक, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी अश्विनी पाण्डेय ने 28 अप्रैल को पत्र जारी कर धान खरीदी प्रभारियों को अगले दिन सुबह 11 बजे बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 29 अप्रैल को कलेक्टोरेट के सभा कक्ष में संस्था प्रबंधकों की बैठक हुई। महंत का आरोप है कि बैठक के दौरान दोपहर करीब 12 बजकर 40 मिनट पर उनसे कलेक्टोरेट भवन का शौचालय साफ कराया गया। उन्होंने घटना से संबंधित फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने का दावा भी किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित