वाराणसी , अक्टूबर 06 -- सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी ने विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को जोनल एवं अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में मंच उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम घोषित किया गया है।

कुलसचिव राकेश कुमार ने विभागाध्यक्षों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों को प्रतिभावान खिलाड़ियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता, तीरंदाजी, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कुश्ती, योगासन, कराटे, सांसद खेल-कूद तथा फिट इंडिया खेल-कूद प्रतियोगिता शामिल हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता 10 अक्टूबर, बॉक्सिंग सात अक्टूबर तथा कराटे 12 अक्टूबर को होगी। ताइक्वांडो और कुश्ती की प्रतियोगिताएं क्रमशः 15 और 18 दिसंबर को प्रस्तावित हैं। चयनित खिलाड़ियों को विभिन्न जोनल एवं अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं में भेजा जाएगा।

विश्वविद्यालय ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके अथवा संबंधित खेल में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में अवसर देने के निर्देश दिए हैं। खिलाड़ियों को शैक्षणिक अभिलेख, आधार कार्ड और चार पासपोर्ट आकार के फोटो प्रस्तुत करने होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित