वाराणसी , मई 16 -- सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में संस्कृत विद्या विभाग के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों श्यामशंकर तिवारी एवं आनन्द द्विवेदी का भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) पद पर चयन हुआ है।
विद्यार्थियों की इस सफलता से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष एवं गौरव का वातावरण व्याप्त है। चयन के उपरांत विभागाध्यक्ष डॉ. रविशंकर पाण्डेय एवं विभाग के आचार्यों द्वारा उनका अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इसे संस्कृत शिक्षा की व्यापक उपयोगिता एवं राष्ट्रनिर्माण में उसकी सक्रिय भूमिका का सशक्त उदाहरण बताया।
विशेष रूप से आनन्द द्विवेदी की उपलब्धियाँ विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही हैं। वे प्रारंभ से ही विभाग के अनुशासित, मेधावी एवं सक्रिय विद्यार्थी रहे हैं। आचार्य पाठ्यक्रम में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर उन्हें राज्यपाल द्वारा "सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक" से सम्मानित किया जा चुका है।
साथ ही उन्होंने छह बार यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी असाधारण शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया है। विभागीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय सहभागिता सदैव उल्लेखनीय रही है।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को ऐसे कर्मठ एवं अनुशासित छात्रों से प्रेरणा ग्रहण करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षा केवल परंपरा और ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रसेवा, नेतृत्व, अनुशासन एवं व्यक्तित्व निर्माण की भावना को भी सुदृढ़ करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित