पौड़ी , मई 02 -- उत्तराखंड में पौड़ी जनपद के सतपुली क्षेत्रांतर्गत संसलधार (दंगलेश्वर) पुल पर शनिवार को एक युवक का शव लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सतपुली को सूचना मिली कि रैतपुर मार्ग स्थित संसलधार पुल पर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है और उसका शव पुल से नीचे लटका हुआ है। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) पोस्ट सतपुली से मुख्य आरक्षी विकास रमोला के नेतृत्व में बचाव टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया और पुल से लटके शव को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान पंकज (19) निवासी ग्राम रैतपुर, ब्लॉक जहारीखाल, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित