चमोली , मई 10 -- देश की कार्मिक, लोक शिकायत, विधि एवं न्याय से संबंधित विभागीय संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष बृज लाल अपनी पत्नी सहित अन्य सदस्यों के प्रतिनिधि मंडल के साथ रविवार को उत्तराखंड के चमोली जनपद स्थित श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे।
अध्यक्ष और प्रतिनिधि मंडल ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। समिति सदस्यों ने श्री बदरीनाथ धाम की आध्यात्मिक गरिमा एवं धार्मिक महत्व की सराहना करते हुए कहा कि धाम में संचालित मास्टर प्लान कार्य भविष्य में श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।
समिति के सदस्यों ने श्री बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं, सौंदर्यीकरण, नदी तट विकास, पैदल मार्गों, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं आधारभूत संरचनाओं को लेकर किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। समिति सदस्यों ने कहा कि बदरीनाथ धाम में परंपरा और आधुनिकता का संतुलित एवं आकर्षक स्वरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुगम सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित