नयी दिल्ली , अगस्त 06 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म विभूषण सुषमा स्वराज की सातवीं पुण्यतिथि के मौके पर गुरुवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह भारतीय राजनीति का ऐसी आदर्श थीं जिसमें संवेदनशीलता के साथ दृढ़ता, और सेवा का अद्भुत संगम था। विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने 'जनता की विदेश नीति' को नया अर्थ दिया।

श्रीमती स्वराज की पुण्यतिथि के मौके पर यहां श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें श्री मल्होत्रा और सांसद बाँसुरी स्वराज सहित विभिन्न नेताओं ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

इस कार्यक्रम के उपरांत वसंत विहार में वसंत उद्यान में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, श्री मल्होत्रा, दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, सुश्री स्वराज, विधायक अनिल शर्मा सहित विभिन्न नेताओं ने श्रीमती स्वराज की स्मृति में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधा रोपण किया।

इस मौके पर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि आज का दिन बहुत भावुक करने वाला दिन है।उन्होंने कहा, " श्रीमती सुषमा का चित्र हमेशा आंख में रहता है और वह हमेशा से मेरा आदर्श थी। मैं समाज एवं दिल्ली के लिए आज जो कुछ कर पा रही हूं वह उनसे मिली प्रेरणा और मार्गदर्शन का परिणाम है।"श्री मल्होत्रा ने कहा कि श्रीमती सुषमा स्वराज केवल एक नेता नहीं थीं, वो भारतीय राजनीति का वो आदर्श थीं जिसमें संवेदनशीलता के साथ दृढ़ता, और सेवा का अद्भुत संगम था। विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने 'जनता की विदेश नीति' को नया अर्थ दिया। दुनिया के किसी भी कोने में फंसे भारतीय को लगा कि दिल्ली में उनका अपना कोई है, तो वो नाम था सुषमा स्वराज। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने (श्रीमती स्वराज) राजधानी को विकास और अनुशासन की नयी दिशा दी। उनका सरल जीवन, स्पष्ट वक्तव्य और संसद में ओजस्वी भाषण आज भी हर भाजपा कार्यकर्ता को ऊर्जा देते हैं।

उन्होंने कहा, "आज हमें संकल्प लेना है कि श्रीमती सुषमा के आदर्शों राष्ट्र प्रथम, सेवा परमो धर्म, और महिला सम्मान को अपने जीवन में उतारेंगे। दिल्ली भाजपा परिवार की ओर से मैं सुषमा दीदी को कोटि-कोटि नमन करता हूं। उनकी स्मृति हमें निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहे।"श्री गुप्ता ने कहा कि सुषमा दीदी एक संवेदनशील, कर्मशील नेता थी जिन्होंने भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं का निर्माण किया।

सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "श्रीमती स्वराज जैसा संवेदनशील नेता बनाना आसान नहीं, मेरे जीवन में उनका विशेष महत्व है क्योंकि उन्होंने मुझे भाजपा से पहला चुनाव लड़ने की सूचना दी थी और फिर मार्गदर्शन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित