जालंधर , जनवरी 27 -- कांग्रेस सचिव एवं विधायक परगट सिंह ने 77वें गणतंत्रता दिवस पर सोमवार को अमलोह में तिरंगा फहराया और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान ही देश की आत्मा है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
इस मौके पर विधायक परगट सिंह को दोशाला और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। नाभा से पूर्व मंत्री रणदीप सिंह नाभा, हलका प्रभारी रूपिंदरसिंह राजा गिल भी मौजूद रहे।
श्री सिंह ने कहा कि आज का दिन हमें बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू और संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद करने का अवसर देता है, जिनकी दूरदर्शिता से भारत एक लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और न्यायप्रिय गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, संविधानिक मूल्यों को चोट पहुंचाने और समाज में नफरत फैलाने की कोशिशें हो रही हैं, जो देश के लिए चिंताजनक हैं। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और आर्थिक सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराने का दिन है। कांग्रेस ने युवाओं, किसानों, मजदूरों और महिलाओं के हितों की रक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने पंजाबियों से आह्वान किया कि वे संविधान की मर्यादाओं का सम्मान करें और एक मजबूत, समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित