नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रस्तावित संशोधित 131वें संविधान संशोधन विधेयक, 2026 (परिसीमन से संबंधित) पर संसद में पेश किये जाने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।

श्री खरगे ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि मार्च और अप्रैल 2026 के दौरान उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री को भी कई बार पत्र लिखकर परिसीमन से जुड़े सरकार के प्रस्तावों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह किया था, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने याद दिलाया कि 131वां संविधान संशोधन विधेयक, 2026 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था और स्पष्ट अंतर से पारित नहीं हो पाया।

उन्होंने पत्र में कहा कि मीडिया रिपोर्टों से जानकारी मिली है कि केंद्र सरकार अब मानसून सत्र के दौरान इस विधेयक का संशोधित स्वरूप फिर से पेश करने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सरकार संशोधित विधेयक संसद में पेश करने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाये, ताकि सभी राजनीतिक दलों को प्रस्तावों का विस्तार से अध्ययन करने और अपनी राय रखने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। उन्होंने जोर दिया कि परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक तथा लोकतांत्रिक विषय पर व्यापक राजनीतिक सहमति और पारदर्शी संवाद आवश्यक है, इसलिए सरकार को सभी दलों को विश्वास में लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित