चंडीगढ़ , जून 08 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करे। उन्होंने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके दायित्वों की भी याद दिलाता है।
श्री सैनी हरियाणा विधानसभा के तत्वावधान में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र के जोन-2 सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में टैगोर थिएटर में मंचित नाटक 'संविधान के नायक' के प्रदर्शन के बाद संबोधित कर रहे थे। नाटक का आयोजन हरियाणा कला एवं संस्कृति विभाग और रस कला मंच के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल आशीष कुमार घोष तथा पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चाँद कटारिए ने भी नाटक की प्रस्तुति और उसके संदेश की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के अभिनय और नाटक की विषयवस्तु की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान हनुमान को उनकी शक्ति का स्मरण कराया गया था, उसी प्रकार यह नाटक नागरिकों को संविधान और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान नाटक की पटकथा का भी औपचारिक विमोचन किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में लोक सभा स्पीकर ओम बिरला , हरिवंश , हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार सहित विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित