महराजगंज , अक्टूबर 24 -- गोरखपुर मंडल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन एवं एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली मेगा रैली की तैयारियों को लेकर चौक बाज़ार, महराजगंज में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम से पूर्व सभी प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा 'देश बचाओ, वोट बचाओ' पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा गंभीरनाथ चौराहे से शुरू होकर मुख्य बाज़ार चौक होते हुए नहर पर समाप्त हुई। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने "ज्ञानेश कुमार गाड़ी छोड़ो, वोट चोर गाड़ी छोड़ो" और "ज्ञानेश कुमार को जाना होगा" के ज़ोरदार नारे लगाए। नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि आने वाले दिनों में वोट चोरी का कोई भी प्रयास किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता ईंट से ईंट बजा देंगे।

इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली मेगा रैली कांग्रेस के इतिहास की सबसे बड़ी रैली होगी। उन्होंने कहा, "मैं आज आपके बीच महराजगंज जनपद की ऐतिहासिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आया हूँ। यह रैली संविधान की मूल भावना के विपरीत काम करने वाले चुनाव आयोग और उसके आकाओं के खिलाफ है, जिन्होंने देश में लोकतंत्र को समाप्त करने का प्रयास किया है।" उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में वोट चोरी करके भारतीय जनता पार्टी की फर्जी सरकार बनाई गई है, जिसके विरोध में राहुल गांधी के आह्वान पर 'दिल्ली चलो' का नारा आज देश के कोने-कोने में गूंज रहा है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने हाल ही में लखनऊ में की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का हवाला देते हुए कहा कि यूपी के पीलीभीत जिले की एक विधानसभा में 13,000 से ज्यादा वोटों में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने बताया कि वोटों के एपिक नंबर तो सही हैं, लेकिन नाम बदल दिए गए हैं, ताकि आने वाले चुनाव में मतदाता अपने अधिकार से वंचित रह जाएँ।

उन्होंने आगे कहा कि उस सीट पर भाजपा मात्र 7,000 वोटों से जीती थी, इसलिए लगभग 14,000 वोट काटकर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने सभी से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुँचने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि विधायक वीरेंद्र चौधरी ने दिल्ली यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर रेलवे से उनका रिजर्वेशन कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित