जामताड़ा , नवम्बर 26 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी ने पूरे जोश और उत्साह के साथ संविधान बचाओ दिवस मनाया।
जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता जामताड़ा कोर्ट मोड़ स्थित अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए और संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लोकतंत्र, समानता और संविधान की सर्वोच्चता की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जामताड़ा विधायक एवं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, पिछले 13 वर्षों से देश में धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है। तीन तलाक, धारा 370, सीएए, एनआरसी, जीएसटी, नोटबंदी जैसे फैसलों ने देश को बांटा है, जो जनता को असली मुद्दों से भटकाने का काम करते हैं।" उन्होंने कहा कि आज देश में शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई, बेरोजगारी जैसे बुनियादी मुद्दे पीछे धकेल दिए गए हैं। उन्होंने गर्व से कहा कि मोबाइल फोन, इंटरनेट और आईटी क्रांति जैसी सुविधाएँ कांग्रेस की सोच और राहुल गांधी की दूरदर्शिता की ही देन हैं।
डॉ. अंसारी ने रांची स्थित जेएससीए स्टेडियम में भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह झारखंड के लिए गौरव का क्षण है और यह राज्य की बढ़ती पहचान का प्रतीक है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं-प्रभु मंडल, इरशाद उल हक अर्शी, दाऊद अंसारी, बीरबल अंसारी, दानिश रहमान, अभय पांडे, तनवीर आलम सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
दिनभर चले कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर सभी ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने की प्रतिज्ञा दोहराई।
उपस्थित नेताओं ने जोर देकर कहा कि, संविधान विरोधी शक्तियों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई तेज करेगी। जनता के अधिकारों, न्याय और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित