कोटा , अप्रैल 13 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कोटा के श्रीनाथपुरम में संविधान पार्क का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि यह अवसर कोटा के विकास के स्वर्णिम अध्याय में एक महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ने वाला है। भारत का संविधान पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत है और हमारी कोशिश है कि आने वाली पीढ़ियों को भी संविधान से प्रेरणा मिले, इसलिए संविधान पार्क का निर्माण किया जा रहा है। यह पार्क संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
उन्होंने अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर ने पीड़ित, वंचित, गरीब के लिए संघर्ष किया। इसी भावना के साथ हम कार्य कर रहे हैं। समाज में कोई वंचित न रहे, हर गरीब के सिर पर छत हो और प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलें। आज कोटा में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और कनेक्टिविटी सहित हर क्षेत्र में कार्य हो रहा है। भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों का समावेश है। संविधान पार्क इन मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
पार्क में दिल्ली के पीएम म्यूजियम की तर्ज पर बनने वाला संग्राहलय स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों, संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महान विभूतियों, लोकतंत्र की यात्रा तथा मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। पार्क में भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो हर आगंतुक को उनके महान योगदान की याद दिलाएगी और प्रेरित करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित