पटना, नवंबर 26 -- बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को कहा कि इस देश के नागरिक खुशकिस्मत हैं कि संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव आंबेडकर ने दूरदर्शी सोच के साथ जिस वृहद संविधान का निर्माण किया, जिससे देश की एकता अखंडता, समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व को मजबूती मिली।
श्री राम ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि उनकी पार्टी संविधान के मूल भाव न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के प्रति प्रतिबद्ध है।
इससे पहले श्री राम ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि आज संविधान और लोकतांत्रिक ढांचे पर बढ़ते खतरे को देखते हुए जन-जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पहले से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि देश आज ऐसी राजनीतिक विचारधारा के गिरफ्त में है, जो लगातार संवैधानिक मूल्यों की हत्या कर रही है, ऐसे में संविधान ही एकमात्र युक्ति है जो जनता को एकता के सूत्र में पीरो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को इसकी रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करनी चाहिए।
श्री राम ने कहा कि संविधान हमारा मार्गदर्शक है, और इसकी रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है और कांग्रेस पार्टी संविधान की मर्यादा, अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित