देहरादून , नवंबर 26 -- संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड के देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और संविधान निर्माता के योगदान को याद किया।

इस उपलक्ष्य में पार्टी मुख्यालय पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवी वर्ग, समाजसेवियों और नागरिकों ने भाग लिया।

श्री गोदियाल ने बाबा साहेब के विचारों और उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

उन्होंने कहा संविधान केवल एक दस्तावेज नही, बल्कि देश की आत्मा है। इसकी रक्षा करना हर नागरिक और विशेषकर हम सभी कांग्रेजनों का कर्तव्य है। उन्होंने वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव और संवैधानिक मूल्यों के लिए सभी कार्यकर्ताओें से एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्व करने का आह्वान किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा जब देशभर में संविधान और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की बात की जा रही है, ऐसे समय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार संविधान की मर्यादाओं को कमजोर करने वाले निर्णय ले रही है, जिससे आम जनता में चिंता का माहौल है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि देश को डॉ. अम्बेडकर के बताए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आगे बढ़ना होगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज के दिन 26 नवम्बर को मुंबई में शहीद हुए लोगों को श्रद्वांजलि अर्पित करते हुए मौन रखकर उन्हें याद किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित