रांची , नवंबर 25 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार 26 नवंबर को प्रदेश के प्रत्येक जिला में संविधान बचाओ दिवस का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सोनाल शांति ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर संविधान दिवस के अवसर पर संविधान बचाओ दिवस का आयोजन किया जा रहा है। वहीं झारखंड में भी संविधान दिवस के अवसर पर संविधान बचाओ का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जिला पर्यवेक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य है।
रांची में पुराना विधानसभा परिसर में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के तहत विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया है, जिसमें वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर पूर्व वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुल सचिव डॉ अमर कुमार चौधरी मुख्य वक्ता होंगे। गोष्ठी के पूर्व देश रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
श्री शांति ने कहा कि भारत के संविधान द्वारा दिए गए मूल न्याय आजादी, बराबरी, भाईचारा और नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा स्पष्टतः दबाव का सामना कर रहा है, संवैधानिक अधिकारों को छिन्न-भिन्न करने का प्रयास हो रहा है,जो सिस्टमैटिक तरीके से वोट चोरी, चुनावी गड़बड़ियों, संस्थाओं का गलत इस्तेमाल,एस आइआर के बहाने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने की कोशिशों से जाहिर होते हैं। जनता को इन खतरों से सावधान रखना, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के मूल्य की रक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है,कांग्रेस इस जिम्मेदारी का निर्वहन करने का लगातार प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित