जयपुर , जनवरी 24 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर देश की एकता, सुरक्षा और संप्रभुता के प्रति सदैव सजग रहने की जरूरत बताते हुए कहा है कि 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

श्री देवनानी ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए यह बात कही। गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता,अखंडता के प्रति निष्ठा का प्रतीक है और यह दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है।

उन्होंने कहा, " संविधान ने हमें समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया है। इन्हीं आदर्शों पर चलकर हम सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं।"उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र सेवा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य मानें। अतीत के गौरव से प्रेरणा लेकर हमें राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं की जीवन गाथाएं केवल इतिहास नहीं, बल्कि साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की जीवंत पाठशाला हैं। इन आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।

श्री देवनानी गणतंत्र दिवस पर सोमवार को प्रातः 8:45 बजे जयपुर स्थित अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इससे पहले श्री देवनानी प्रातः 8:00 बजे कॉन्स्टीट्यूशन क्लब, 8:15 बजे राजस्थान विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण करेंगे तथा सलामी गारद का निरीक्षण करेंगे। इससे पूर्व श्री देवनानी सिविल लाइंस स्थित अपने राजकीय आवास पर प्रातः 7:30 बजे ध्वजारोहण करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित