भिवानी , जून 21 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने कहा है कि संविधान और वंचितों के अधिकारों की रक्षा केवल कांग्रेस ही कर सकती है।
श्री नरवाल यहां सांस्कृतिक सदन में जिला कांग्रेस कमेटी के एससी विभाग द्वारा आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। सम्मेलन में भिवानी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
श्री नरवाल ने कहा कि देश और प्रदेश में दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों पर लगातार प्रहार हो रहा है तथा संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से शोषित और वंचित वर्गों की आवाज रही है और पार्टी सड़क से संसद तक उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
कांग्रेस एससी विभाग हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष मनोज बागड़ी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठित कर पार्टी को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों से जनता में असंतोष है और प्रदेश में बदलाव का माहौल बन रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित