पटना , सितंबर 16 -- बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बुधवार कहा कि प्रभावी संवाद जीवन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का अत्यंत महत्वपूर्ण आधार है तथा संवाद से विचारों और नेतृत्व को दिशा मिलती है।

राज्यपाल ने बुधवार को बिहार लोक भवन में एनसीसी कैडेट्स के उन्मुखीकरण सेमिनार 'संवाद' को संबोधित करते हुए कहा कि संवाद केवल बोलने की कला नहीं, बल्कि दूसरों को समझने और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से साझा करने की क्षमता है। संवाद की निरंतरता से एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक ज्ञान, अनुभव और संस्थागत परंपराएं आगे बढ़ती हैं।

श्री हसनैन ने 'स्टोरीटेलिंग' के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत की समृद्ध ऐतिहासिक और सभ्यतागत विरासत को नई पीढ़ी तथा विश्व के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की आवश्यकता है। उन्होंने नालंदा, राजगीर, पटना साहिब, संग्रहालयों, पुस्तकालयों और सांस्कृतिक विरासत को बिहार की महत्वपूर्ण ताकत बताया।

राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक युद्ध अब 'हाइब्रिड वॉरफेयर' का रूप ले चुका है, जिसमें साइबर, आर्थिक, मनोवैज्ञानिक और सूचना के आयाम शामिल हैं। फेक न्यूज और गलत सूचनाओं के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए एनसीसी कैडेट्स को सूचनाओं को परखने और तथ्यों की पुष्टि करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित