नई दिल्ली , मई 29 -- दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र के झंडे के नीचे सेवा दे रहे भारतीय शांतिरक्षकों के समर्पण, बलिदान और पेशेवर कार्यशैली को शुक्रवार को यहां विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मानित किया गया।

सेना के अनुसार 29 मई को दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षकों का अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। इन कार्यक्रमों के तहत सेना के डिप्टी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल विपुल सिंघल ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर माल्यार्पण कर उन बहादुर भारतीय शांतिरक्षकों को श्रद्धांजलि दी जिन्होंने विभिन्न संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

शहीद शांतिरक्षकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए लांस हवलदार हरभजन सिंह और नायब सूबेदार सुजीत कुमार प्रधान को मरणोपरांत प्रतिष्ठित 'डैग हैमरशोल्ड पदक' प्रदान किया गया। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा की सेवा में उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान की पहचान के रूप में दिया गया।

इस अवसर पर मेजर अभिलाषा बराक की उत्कृष्ट उपलब्धियों को भी सराहा गया। उन्हें दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित एक शांतिरक्षा अभियान में उनकी उपलब्धियों के लिए '2025 का संयुक्त राष्ट्र सैन्य लैंगिक समानता ' पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस अधिकारी की उपलब्धियां पूरे देश में महिला अधिकारियों और शांतिरक्षकों को प्रेरित करेंगी, जो वैश्विक शांति अभियानों में समावेशिता और उत्कृष्टता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित