होशियारपुर , जून 02 -- संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बैनर तले विभिन्न किसान संगठनों से जुड़े किसानों ने मंगलवार को जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शनकारी किसानों ने जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने सहायक आयुक्त कैप्टन गुरप्रीत कौर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि हाल ही में जारी अधिसूचना के कारण पंजाब का भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) में स्थायी प्रतिनिधित्व समाप्त हो गया है। उन्होंने इस अधिसूचना को तुरंत वापस लेने की मांग की।
किसानों ने सहकारी समितियों के माध्यम से बढ़ायी गयी फसली ऋण सीमा को बहाल करने, डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में कमी करने, उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा यूरिया की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेकर सब्सिडी बहाल करने की मांग भी उठाई।
संयुक्त किसान मोर्चा ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने तथा सी-2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर एमएसपी लागू करने की मांग की। ज्ञापन में किसानों और खेत मजदूरों के कर्ज माफ करने, बाढ़, ओलावृष्टि और बेमौसमी बारिश से हुई फसल क्षति का मुआवजा देने तथा प्रस्तावित बिजली संशोधन विधेयक-2025 और बीज विधेयक-2025 को वापस लेने की मांग भी शामिल है।
किसानों ने दिल्ली किसान आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेने, किसान हितैषी फसल बीमा योजना लागू करने, लंबित कृषि बिजली कनेक्शन जारी करने और पंजाब के लिए टिकाऊ कृषि नीति बनाने की मांग भी रखी। इसके अलावा किसानों ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित भूमि का उचित मुआवजा देने, अटारी-वाघा और हुसैनीवाला सीमा मार्गों से व्यापार पुनः शुरू करने तथा 58 वर्ष से अधिक आयु के किसानों, मजदूरों और ग्रामीण कारीगरों को 10,000 रुपये मासिक पेंशन देने की मांग की।
प्रदर्शन में किरती किसान यूनियन के जगतार सिंह भिंडर, भूपिंदर सिंह भुंगा, हरमेश सिंह ढेसी और कुलविंदर सिंह चहल, अखिल भारतीय किसान सभा के हरनेक सिंह भज्जल, गुरमेश सिंह, संतोष सिंह और तीरथ सिंह सतौर, पंजाब किसान यूनियन के चरणजीत सिंह भिंडर, जंग बहादुर सिंह, जंगीर सिंह और चनन राम, जम्हूरी किसान सभा के मलकीत सिंह सलेमपुर और संतोष कुमार तथा भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के राजिंदर सिंह, शिंगारा सिंह हाकिमपुर और तलविंदर सिंह हीर सहित कई किसान नेता शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित