श्रीगंगानगर , अक्टूबर 14 -- अखिल राजस्थान राज्यकर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर बुधवार को श्रीगंगानगर में जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया।
महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक कलवानिया और जिला मंत्री राधेश्याम यादव ने बताया कि प्रदश्रन कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) को ज्ञापन दिया गया । प्रदेश कर्मचारियों के समर्पित अवकाश पर पिछले छह माह से अघोषित रोक लगायी हुई है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पिछले 7-8 माह से जीपीएफ एसआई और अन्य परिलाभों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस कारण प्रदेश के 08 लाख कर्मचारियों और उनके परिवारों में गहरा रोष व्याप्त है । कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। महासंघ द्वारा राज्य सरकार को प्रस्तुत 11 सूत्रीय मांगपत्र और 07 संकल्पों पर भी राज्य सरकार कोई कार्यवाही नहीं कर रही है ।
उन्होंने बताया कि महासंघ द्वारा आज राज्य सरकार का ध्यानाकर्षण करने के लिए सभी जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन दिये गये हैं। कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित आंदोलन के चरणों के अनुसार विरोध प्रदर्शन किया जायेगा । उन्होंने बताया कि धनतेरस पर राज्य की उपमुख्यमंत्री और वित्तमंत्री दिया कुमारी के निवास के बाहर काली दीवाली मनायी जायेगी, जिसमें प्रदेशभर से सैकड़ों के संख्या में कर्मचारी शामिल होंगें। आगामी 12 दिसंबर को अखिल भारतीय सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर रामलीला मैदान नयी दिल्ली में आयोजित महारैली में भी प्रदेश और जिले से महासंघ से जुड़े कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगें ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित