नयी दिल्ली , मई 06 -- सेनाओंं के संयुक्त कमांडरों का दूसरा सम्मेलन गुरुवार और शुक्रवार को जयपुर में होगा जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी संबोधित करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह सम्मेलन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर हो रहा है। ऑपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं का ऐतिहासिक अभियान रहा है जो भारत की अडिग राजनीतिक इच्छाशक्ति तथा सटीकता से परिपूर्ण सैन्य संकल्प का प्रमाण है।
संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन का विषय 'नए क्षेत्रों में सैन्य क्षमता' है और इसे प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान भी संबोधित करेंगे। मंत्रालय ने कहा है कि आधुनिक युद्ध अब अधिक जटिल और प्रौद्योगिकी-आधारित स्वरूप में परिवर्तित हो रहा है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मानव रहित प्रणालियों के विकास और उभरते खतरों का गहरा प्रभाव देखने को मिल रहा है। ये खतरे पारंपरिक युद्धक्षेत्रों से आगे बढ़कर अदृश्य सीमाओं तक फैल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित