मधुबनी , मई 26 -- बिहार की भवन निर्माण मंत्री सह मधुबनी जिला प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार संभावित बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सजग और दृढ़ संकल्पित है। मंत्री लेशी सिंह ने आज डीआरडीए सभागार में आयोजित बाढ़-सुखाड़ पूर्व तैयारी समीक्षा बैठक में कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए सरकार गंभीरता के साथ लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ और सुखाड़ दोनों परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक फसल योजना की तैयारी अविलंब पूरी कर ली जाए।

बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा) संतोष कुमार ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से जिले में अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मधुबनी पारंपरिक रूप से बाढ़ प्रभावित जिला रहा है और जिले से लगभग 18 नदियां एवं उनकी सहायक धाराएं गुजरती हैं। सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर की निगरानी प्रत्येक तीन घंटे पर की जा रही है।उन्होंने बताया कि बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार जून से सितंबर 2026 के बीच सामान्य से कम वर्षापात होने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जल संसाधन विभाग को नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे किसानों को रोपनी के समय सिंचाई संकट का सामना नहीं करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित