अलवर , फरवरी 05 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त पूनम ने गुरुवार को जिले के ततारपुर एवं मांचा गिरदावर सर्कल पर आयोजित विशेष ग्राम उत्थान शिविरों का निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शिविर में पहुंचते ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजन से संवाद करके उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने और शिविरों की प्रगति निरंतर बढ़ाने के निर्देश दिये।
श्री पूनम ने बताया कि शिविरों में 12 विभागों द्वारा आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हों।
खैरथल-तिजारा क्षेत्र में गिरते भूजल स्तर के कारण किसानों को हो रही पानी की समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित फार्म पॉण्ड योजना और विद्युत विभाग की कुसुम योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सौर पंप अपनाने का आह्वान किया, जिससे बिजली की बचत के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी और फसल उत्पादन में वृद्धि होगी।
अधिकारियों को इन योजनाओं का अधिकतम प्रचार-प्रसार करके किसानों को लाभान्वित किये जाने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित