संभल , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र में पुलिस और पशु तस्करों के बीच बुधवार को हुई मुठभेड़ में एक पशु तस्कर तथा थाना प्रभारी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और अवैध असलहा बरामद किया है, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि असमोली थाना प्रभारी मोहित चौधरी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान नरेटा मोहम्मदपुर और मढ़न गांव के बीच एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। मोटरसाइकिल सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। इस दौरान थाना प्रभारी मोहित चौधरी भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुरादाबाद जिले के मण्डी मिलक गांव निवासी इमरान पुत्र सलीम के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी पशु तस्करी से जुड़ा है। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और अवैध असलहा बरामद किया गया है। घायल आरोपी और थाना प्रभारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित