संभल , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पति-पत्नी ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार थाना जुनावई क्षेत्र के गांव खेड़ामानी निवासी खोराज यादव (25) अपनी पत्नी सरोज (22) के साथ सोमवार रात कमरे में सोए थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे दोनों के शव कमरे में सरिया से लटके साड़ी के फंदे पर पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि सरोज लगभग आठ माह की गर्भवती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित