संभल , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ऑटो रिक्शा में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोतवाली संभल क्षेत्र में संभल-चंदौसी मार्ग पर ग्राम मोहम्मदपुर टांडा के पास शनिवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय संभल ले जाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे घायल का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित