संभल , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के हयातनगर क्षेत्र में पुलिस ने जाली नोटों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि एटीएस मुरादाबाद को जिले में जाली नोटों की सप्लाई होने की सूचना मिली थी। इस पर एटीएस टीम ने थाना हयातनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार शाम कस्बा सरायतरीन निवासी शराफत हुसैन को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 20 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं, जिनमें 500 रुपये के 35 नोट, 200 रुपये के 6 नोट और 100 रुपये के 13 नोट शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जाली नोटों की आपूर्ति का नेटवर्क कहां तक फैला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित